पूर्वांचल विश्वविद्यालय 30वां दीक्षांत समारोह की तैयारी का वीसी ने किया निरीक्षण।
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के 30वें दीक्षांत समारोह का पूर्वाभ्यास महंत अवैद्यनाथ संगोष्ठी भवन में मिनट-टू-मिनट निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रविवार को सम्पन्न हुआ।
विश्वविद्यालय का 30वां दीक्षांत समारोह 27 जुलाई (सोमवार) को महंत अवेद्यनाथ संगोष्ठी भवन में आयोजित होगा। समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी। मुख्य अतिथि के रूप में मेजर जनरल गौरव गौतम (अति विशिष्ट सेवा मेडल), अपर महानिदेशक, एनसीसी (उत्तर प्रदेश) उपस्थित रहेंगे। उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय अतिविशिष्ट अतिथि तथा राज्य मंत्री (उच्च शिक्षा) रजनी तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह में उपस्थित रहेंगी।
दीक्षांत समारोह में 83 मेधावी विद्यार्थियों को 84 पदक प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही 339 शोधार्थियों को पीएचडी तथा एक डीएससी (डॉक्टर ऑफ साइंस) की उपाधि प्रदान की जाएगी।
कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने पूर्वाभ्यास के दौरान दीक्षांत समारोह की गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने समारोह को और अधिक सुव्यवस्थित, गरिमामय एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए।
पूर्वाभ्यास के दौरान अतिथियों के आगमन, शैक्षणिक शोभायात्रा, मंचासीन होने, दीप प्रज्ज्वलन, उपाधि एवं पदक वितरण सहित समारोह के विभिन्न चरणों का निर्धारित समय के अनुरूप अभ्यास किया गया। संबंधित अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने अपने-अपने दायित्वों के अनुरूप व्यवस्थाओं को परखा।
प्राइमरी के बच्चों को स्कूल बैग, फल, ड्राई फ्रूट जामेट्री बॉक्स तथा महापुरुषों पर प्रकाशित पुस्तकें भेंट का रिहर्सल कराया गया। विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए कुकड़ीपुर, देवकली, सुल्तानपुर और जासोपुर,जफरपुर गांवों में आयोजित खेलों के प्रथम तीन विजेताओं को भी राज्यपाल के हाथों विशेष पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह ने कहा कि समारोह की गरिमा एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए सभी विद्यार्थी और शोधार्थी विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें।

