लेजर शो बना विशेष आकर्षण का केंद्र, तृप्ति शाक्य व प्रिया मलिक के भक्ति गीतों पर थिरके राम भक्त
जौनपुर। अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव कार्यक्रम को लेकर जनपद भी राम रंग में डूबा रहा । जहां एक ओर भाजपा के वरिष्ठ नेता व समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह पत्नी रीना सिंह के साथ अयोध्या में प्रभु श्रीराम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के साक्षी बनें ,वहीं दूसरी ओर उन्होंने जनपदवासियों के लिए भव्य आयोजन कराकर लोगों का दिल जीत लिया ।
ज्ञान प्रकाश सिंह के सहयोग से जनपद के गोपी घाट पर सोमवार को एक लाख, इक्कीस हजार, एक सौ ग्यारह दीप प्रज्वलित कर दीपोत्सव मनाया गया । प्रसिद्ध भजन गायिका तृप्ति शाक्या व प्रिया मलिक ने राम नाम की आस्था में डूबी शाम को भक्ति रस से सराबोर कर दिया। इसके साथ ही रामायण पर आधारित भव्य लेजर शो ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया । प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर गोपी घाट पर आयोजित भजन संध्या में उपस्थित लोगों का रोम रोम राममय हो गया । एक से बढ़कर एक भजन का लोगों ने खूब लुत्फ उठाया। गोमती की लहरों के मध्य नाव पर भव्य श्रीराम दरबार की झांकी लोगों को खूब रोमांचित कर रही थी । गोमती आरती से पूरा माहौल अलौकिक हो गया । गोपी घाट से लेकर प्रतिमा विसर्जन घाट तक भगवा रंग में रंगने के साथ ही झालरों, लाइटों , फूल मालाओं की खूबसूरत सजावट ,प्रभु श्रीराम के जीवन से जुड़ी झांकियां हर किसी को मोहित कर रहीं थीं । अयोध्या में चल रहे कार्यक्रमों को लेजर के माध्यम से लोगों को दिखाया गया जो विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस मौके पर शिवा सिंह, डा. रजनीकांत द्विवेदी, डा.अंजना सिंह, अरविंद सिंह, बबलू दूबे आदि उपस्थित रहे।आयोजक ज्ञानप्रकाश सिंह के पुत्र अमित सिंह 'बाबी ' ने भारी संख्या में उपस्थित राम भक्तों के प्रति आभार जताया ।
फोटो - गोपी घाट स्थित दीपोत्सव कार्यक्रम में रामभक्तों के साथ समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह व रीना सिंह

