जौनपुर । बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षा को जन-जन तक पहुँचाने, पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने तथा स्वच्छता की भावना को समाज में स्थापित करने हेतु ’पी.एम. श्री विद्यालय, अमरौना’ में बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. गोरखनाथ पटेल व सह जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश यादव और राजकीय माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य रविन्द्रनाथ यादव की गरिमामयी उपस्थिति में एक ’वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम, ’’स्वच्छता पखवाड़ा’ तथा ’नामांकन अभियान’ का संयुक्त आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण से हुई, जिसमें मुख्य अतिथि और शिक्षकों, छात्रों और अधिकारियों द्वारा मिलकर विभिन्न प्रकार के छायादार व फलदार पौधे लगाए गए। पर्यावरण संरक्षण के इस सामूहिक प्रयास ने विद्यार्थियों के भीतर प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की भावना को प्रबल किया।
स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई अभियान चलाया गया। छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता रैली, नारे लेखन, व पोस्टर प्रतियोगिताओं के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के महत्व से अवगत कराया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारियों ने स्वयं झाड़ू लगाकर समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि रही ’10 नए बच्चों का नामांकन, जिसे स्वयं ’’बेसिक शिक्षा अधिकारी, द्वारा विद्यालय में सम्पन्न कराया गया।
शिक्षकों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, गीतों व भाषणों के माध्यम से बच्चों में शिक्षा, पर्यावरण और स्वच्छता के महत्व को प्रदर्शित किया।
इस अवसर पर इस अवसर पर 21 विकासखंडों के खंड शिक्षा अधिकारी ,विद्यालय के प्रधानाचार्य जगदीश राम, श्याम नारायण यादव तथा विद्यालय के शिक्षकगण, संघ के अध्यक्ष आलोक रघुवंशी, मंत्री संतोष सिंह अरविंद सिंह, धर्मेंद्र सिंह, विजय यादव, पारसनाथ यादव व ग्राम प्रधान, अभिभावकगण तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

